जबलपुर: भारतीय रेलवे ने सफर करने वाले आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान की है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को कड़े निर्देश जारी कर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को ट्रेन के भीतर पूरी बेडरोल किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।

शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड ने जारी किया नया पत्र

रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर ईएनएचएम लव शुक्ला द्वारा मंगलवार को जारी किए गए आधिकारिक पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि आरएसी यात्रियों को बेडरोल किट न मिलने या फिर अपर्याप्त किट मिलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद बोर्ड ने इन नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

एसी चेयरकार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों के यात्रियों पर लागू होगा नियम

यह नया प्रावधान एसी चेयरकार श्रेणी को छोड़कर, अन्य सभी एसी कोचों में सफर करने वाले आरएसी यात्रियों पर समान रूप से लागू होगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आरएसी श्रेणी के यात्रियों को भी अन्य कंफर्म टिकट वाले सामान्य यात्रियों के समान ही हर जरूरी सुविधा मिलनी चाहिए।

अन्य वास्तविक यात्रियों की तरह ही दी जाएगी पूरी बेडरोल किट

जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार, कोच में यात्रा करने वाले बाकी यात्रियों की तरह ही हर आरएसी यात्री को भी कंबल, चादर और तकिए से लैस पूर्ण बेडरोल किट दी जाएगी, ताकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।