धमतरी| छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने के जेवरात और नगदी रकम बरामद कर ली है। प्रार्थी भावेश जैन ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि गत 3 अगस्त की रात को अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को अपना निशाना बनाया और घर की अलमारी में रखे सोने की चेन, सोने की अंगूठी तथा करीब 2 लाख 29 हजार रुपये नकद पार कर दिए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संदिग्धों की गिरफ्तारी

इस रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी किए गए आभूषणों को बेचने की फिराक में महिमा सागर वार्ड स्थित शराब भट्टी रोड के पास घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की पहचान गोपाल कृष्णा यादव उर्फ बिक्कू (21 वर्ष, निवासी शांति कॉलोनी चौक, धमतरी) और ललित सोना (28 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी) के रूप में हुई है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से चोरी की गई सोने की चेन, सोने की अंगूठी और नगदी समेत कुल लगभग 2 लाख 10 हजार 300 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।