मशहूर ग्लोबल पॉप स्टार लेडी गागा और उनके मंगेतर व्यवसायी माइकल पोलान्स्की के घर पहले बच्चे का जन्म हुआ है। हालांकि, इस कपल ने अभी तक नवजात शिशु के नाम और जन्म तिथि जैसी जानकारियां साझा नहीं की हैं।

परिवार के साथ पहली बार आईं नजर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लेडी गागा और पोलान्स्की को हाल ही में उत्तरी कैलिफोर्निया में अपने परिवार के साथ सार्वजनिक रूप से देखा गया है। बच्चे के जन्म के बाद परिवार की यह पहली सार्वजनिक झलक सामने आई है, हालांकि दोनों के प्रतिनिधियों ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

40 की उम्र में बनीं मां

ग्रैमी पुरस्कार विजेता 40 वर्षीय लेडी गागा और उनके 42 वर्षीय मंगेतर पिछले कुछ महीनों से लाइमलाइट से दूर निजी जीवन बिता रहे थे। उनका असली नाम स्टेफनी जोआन एंजेलिना जर्मनोटा है। इससे पहले उन्हें अगस्त में उत्तरी कैलिफोर्निया में एक प्रशंसक के साथ देखा गया था।

2019 से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

लेडी गागा ने हाल ही में अपना नौ महीने लंबा 'मेहेम बॉल' टूर पूरा किया है, जिसमें दुनिया भर में 86 शो आयोजित हुए थे। उन्होंने पहले भी परिवार शुरू करने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की थी। लेडी गागा और माइकल पोलान्स्की के बीच साल 2019 में रिश्ता शुरू हुआ था और मार्च 2024 में दोनों ने सगाई की थी।