अंडर-19 विश्व कप के फाइनल मैच में इंग्लैंड को हराकर भारतीय टीम ने पांचवीं बार यह टूर्नामेंट जीता है। यश धुल की कप्तानी में भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराया। भारत की इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि इस जीत से यह साबित होता है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। भारत ने पहली बार साल 2000 में यह टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद 2008, 2012, 2018 और अब 2022 में भी टीम इंडिया अंडर-19 विश्व कप की विजेता बनी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की अंडर-19 टीम को बधाई देते हुए कहा "उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। क्रिकेट के उच्चतम स्तर पर उनका शानदार प्रदर्शन दर्शाता है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और सक्षम हाथों में है।"

भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची थी। अंडर-19 में कोई भी टीम इतनी बार विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। वहीं, यह टीम इंडिया का रिकॉर्ड लगातार चौथा फाइनल मैच भी था। भारतीय टीम के नाम सबसे ज्यादा पांच विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड भी है। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार यह खिताब जीता है। भारतीय टीम इस साल विश्व कप में शानदार फॉर्म में थी। टीम ने टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से लेकर अब तक अपने सभी मैच जीते। भारत ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को चार विकेट से हरा दिया और पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीत चुकी है।