सतना  ।  मध्य प्रदेश के सतना में भाजपा पार्षद और स्मार्ट सिटी के डायरेक्टर महेंद्र पांडेय पर एक फल बेचने वाले ने जानलेवा हमला कर दिया। मंगलवार रात को कहासुनी के दौरान आरोपी ने पार्षद के सीने में बका घोंप दिया। पार्षद की हालत गंभीर है। उन्हें सतना जिला अस्पताल से रीवा रेफर किया है। आरोपी फरार है। जानकारी के मुताबिक नगर पालिक निगम सतना के वार्ड नंबर 26 (राजेन्द्र नगर) के पार्षद महेंद्र पांडेय पर मंगलवार की रात सिविल लाइन क्षेत्र में जानलेवा हमला हो गया। हमलावर के रूप में कोठी मोड के पास अस्थायी तौर पर फल की दुकान लगाने वाले रामपाल गुप्ता का नाम सामने आया है। रामपाल गुप्ता मैहर का रहने वाला है। उसने चार-पांच दिन पहले ही सड़क पर एक मैजिक वाहन में बाला जी फ्रूट के नाम से सिविल लाइन क्षेत्र में फल की दुकान लगाना शुरू किया था। उसका रिश्तेदार रोहित गुप्ता वहां पहले से ही व्यंकटेश फ्रूट्स के नाम से फल की दुकान लगाता आ रहा है।

बताया जाता है कि मंगलवार की रात लगभग साढ़े 9 बजे पार्षद महेंद्र पांडेय से रामपाल की दुकान लगाने को लेकर कुछ कहासुनी हुई। इसी बीच रामपाल ने नारियल काटने वाला बका उठा कर महेंद्र के सीने में मार दिया। जिस वक्त यह घटना हुई वहां कई अन्य फल विक्रेता और अन्य लोग भी थे। आनन फानन में पार्षद को सतना जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद महेंद्र को रीवा रेफर कर दिया गया है। भाजपा पार्षद पर हुए हमले की खबर मिलते ही अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। महापौर योगेश ताम्रकार भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने पार्षद का हाल जानने के साथ ही इलाज के बारे में भी डॉक्टरों से जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।