वाराणसी में शुक्रवार को सुबह से ही धूप से उमस बढ़ गई। गुरुवार को दोपहर में बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया था। लेकिन करीब घंटे भर तक हुई बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस सप्ताह की शुरुआत से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना है। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक घने बादल छाए और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। लहुराबीर, सुंदरपुर, बीएलडब्ल्यू, लंका, सामनेघाट, भगवानपुर, दुर्गाकुंड सहित अन्य इलाकों में तेज बारिश हुई।
सड़कों पर जलभराव होने से दो पहिया, चार पहिया से चलने वालों को समस्या हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को 10 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। अब एक सप्ताह तक मानसून की सक्रियता कमजोर होने की संभावना है।