पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने जबरदस्त अंदाज में वापसी की है। टी20 वर्ल्ड कप में 23 अक्तूबर को होने वाले भारत के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने अपनी गेंदबाजी का जलवा अभ्यास मैचों में दिखाया। शाहीन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में दो ओवर में सिर्फ सात रन दिए थे। उन्हें सफलता नहीं मिली थी। अब अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे अभ्यास मैच में बुधवार  को कहर बरपा दिया।शाहीन ने ब्रिस्बेन में चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। शुरुआती दो ओवरों में उन्होंने स्विंग और तेजी से दो विकेट हासिल कर लिए। इस दौरान एक गेंद पर दो अफगानिस्तान का बल्लेबाज चोटिल भी हो गया। वह साथी खिलाड़ियों के कंधे पर पवेलियन लौटा। दरअसल, अफगानिस्तान की पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर रहमनुल्लाह गुरबाज आउट हो गए। अफरीदी की खतरनाक यॉर्कर को वह ठीक से नहीं खेल पाए। गेंद उनके अंगूठे पर लगी। अफरीदी ने उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की और अंपायर ने गुरबाज को आउट करार दे दिया।

अफरीदी की यह गेंद इतनी शानदार थी कि गुरबाज को हिलने तक का मौका नहीं मिला। उन्हें अंगूठे में चोट लगी। वह ठीक से पवेलियन तक चल भी नहीं पा रहे थे। इतने में उनके साथी खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे और उन्हें कंधे पर टांगकर ले गए। पारी समाप्त होने के बाद शाहीन अफगानिस्तान के ड्रेसिंग रूम में गए। उन्होंने गुरबाज से बात की। गुरबाज पैर में पट्टी बांधे दिखाई दिए।