टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन: अभिषेक शर्मा दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ मैच में खेलने पर सस्पेंस
भारतीय टीम के फ्लेम्बॉयंट ओपनर अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के चलते दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने पिछले दो दिनों से अस्पताल में रहकर इलाज कराया है। टीम प्रबंधन ने बताया कि पेट की समस्या के कारण उनके टेस्ट किए जा रहे हैं और अभी तक यह साफ नहीं है कि उन्हें आज यानी बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल पाएगी या नहीं।
नामीबिया मैच पर असर
अभिषेक शर्मा की फिटनेस को देखते हुए भारत बनाम नामीबिया मैच में उनके खेलने पर सस्पेंस है। यह मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। बीसीसीआई के सूत्र ने कहा, 'मैच के लिए उनकी उपलब्धता अभी स्पष्ट नहीं है।' टीम को उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी करेंगे। नामीबिया के खिलाफ अभिषेक की जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। वहीं, ईशान किशन दूसरे ओपनर हो सकते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की उम्मीद!
टीम प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ यह आश्वस्त हैं कि शर्मा 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। उनका स्वास्थ्य और रिकवरी इस समय मुख्य प्राथमिकता है।
गंभीर के घर डिनर पर गए थे
सूत्रों के मुताबिक, 25 वर्षीय अभिषेक शर्मा ने संडे को मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित डिनर में हिस्सा लिया था, लेकिन बाकी टीम के सदस्यों की तुलना में जल्दी ही वहां से चले गए थे। माना जा रहा है कि इसी दौरान उन्हें पेट की परेशानी हुई। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच से पहले भी पूरी तरह फिट नहीं थे, और मैच खेलने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बाएं हाथ के इस ओपनर को तेज बुखार था और तुरंत राहत के लिए उन्हें ड्रिप चढ़ाई गई थी। खराब तबीयत के कारण अभिषेक दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम के अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सके। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि वह इस खराब हालत में गंभीर के घर डिनर के लिए गए क्यों?
दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज
अमेरिका के खिलाफ अभिषेक खाता नहीं खोल पाए थे। यह उनका पहला टी20 विश्वकप है। अभिषेक फिलहाल दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज हैं। उनका खेलना टीम इंडिया के अभियान के लिए बेहद जरूरी है। जिस तरह की शुरुआत वह देते हैं, उससे विपक्षी टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनता है। पाकिस्तान के खिलाफ वह भारत के प्रमुख हथियार होंगे। शाहीन अफरीदी अब तक अभिषेक को एक बार भी आउट नहीं कर पाए हैं।
अभिषेक शर्मा के स्टैट्स
अभिषेक ने भारत के लिए अब तक 39 टी20 मैच खेले हैं। इसमें 36.03 की औसत से 1297 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 194.46 का रहा है। इनमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन का रहा है। फैंस उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


ईरान तनाव के बीच चीन की नई चाल: PoK के पास नई काउंटी बनाने पर भारत का कड़ा विरोध
लखनऊ पहुंचे विनोद तावड़े, योगी आदित्यनाथ से मुलाकात आज—कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
मोनालिसा लापता: पति फरमान ने वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
ट्रंप के बयान से दहला बाजार: सेंसेक्स 1600 अंक लुढ़का, निफ्टी भी बड़ी गिरावट में
भोपाल से पाकिस्तान तक गिद्ध की उड़ान: 7 दिन में 1274 KM का सफर, जानें क्यों छोड़ा गया
श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करें उद्योग, सीएम योगी आदित्यनाथ का निर्देश
जनभवन में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का भव्य उद्घाटन
भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता मई से लागू होने की संभावना, कार-व्हिस्की पर घटेगा आयात शुल्क
होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी शुरू, जहाजों की आवाजाही ठप—तेल-गैस संकट गहराने के आसार